छतरपुर जिले के गढ़ीमलेहरा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां एक फैक्ट्री में टैंकर के अंदर कलर पेंट करते समय दो मजदूर अरमान और गुलाब अनुरागी अचानक बेहोश हो गए।
साथी मजदूरों और फैक्ट्री मालिक ने दोनों को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि टैंकर के अंदर जहरीली गैस या पेंट के धुएं के कारण दम घुटने से यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना पर गढ़ीमलेहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।