आगरा पहुंचे कांग्रेस के नवागत प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। दिल्ली से लखनऊ जाते समय कई शहरों में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद आगरा में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने राम मंदिर, भाजपा और चुनावी राजनीति को लेकर कई आरोप लगाए। साथ ही दावा किया कि जनता बदलाव चाहती है और आने वाले चुनावों में भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी।दिल्ली से लखनऊ जा रहे कांग्रेस के नवागत प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम का आगरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं के उत्साह के बीच मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा। गौतम ने आरोप लगाया कि राम मंदिर के चंदे से जुड़ी कथित अनियमितताओं ने भाजपा की नीयत को जनता के सामने उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी पर पहले विधायक, सांसद और वोट चोरी जैसे आरोप लगते रहे हैं, अब उसी पर भगवान श्रीराम के मंदिर के चंदे में भी गड़बड़ी के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
राजेंद्र पाल गौतम ने श्रीराम मंदिर में लगभग 400 निजी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में निजी सुरक्षा की जरूरत क्यों पड़ी। उनका आरोप था कि पूरे मामले को छिपाने के लिए निजी सुरक्षा का सहारा लिया गया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश और देश की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है और आने वाले चुनावों में भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर कर देगी।