39 वर्षों तक पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ स्वास्थ्य विभाग की सेवा करने वाले मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय के वरिष्ठ वाहन चालक राजेंद्र उपाध्याय मंगलवार को सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में सीएमओ कार्यालय में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनकी कार्यशैली को याद करते हुए उन्हें विभाग की असली पूंजी बताया। देखिए यह खास रिपोर्ट
कहते हैं कि किसी भी विभाग की पहचान सिर्फ उसके अधिकारियों से नहीं, बल्कि उन कर्मचारियों से भी होती है जो वर्षों तक पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। मथुरा स्वास्थ्य विभाग में ऐसा ही एक नाम है राजेंद्र उपाध्याय, जिन्होंने करीब 39 वर्षों तक अपनी सेवाएं देकर एक मिसाल कायम की।
1 अगस्त 1987 को स्वास्थ्य विभाग में वाहन चालक के रूप में अपनी सेवा शुरू करने वाले राजेंद्र उपाध्याय ने 30 जून 2026 को अपने लंबे सेवाकाल के बाद सेवानिवृत्ति ली। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ, नव-प्रोन्नत अपर निदेशक डॉ. संजीव यादव, एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ डॉ. अनुज चौधरी सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने उन्हें राधा-कृष्ण और बांके बिहारी जी की पावन छवि भेंट कर उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. राधावल्लभ ने कहा कि राजेंद्र उपाध्याय अपनी कर्तव्यनिष्ठा, समय की पाबंदी और समर्पण के लिए पूरे विभाग में जाने जाते थे। उन्होंने कहा कि चाहे चिलचिलाती गर्मी हो, मूसलाधार बारिश हो या फिर आधी रात की आपातकालीन स्थिति, राजेंद्र उपाध्याय हमेशा ड्यूटी के लिए सबसे पहले तैयार रहते थे। उन्होंने कभी भी किसी अधिकारी को अपने कारण देर नहीं होने दी।
सीएमओ ने बताया कि पिछले कई महीनों से राजेंद्र उपाध्याय उनके साथ वाहन चालक के रूप में जुड़े थे और हर परिस्थिति में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करते रहे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग को उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।
वहीं भावुक होते हुए राजेंद्र उपाध्याय ने कहा कि उन्हें सेवानिवृत्ति की खुशी तो है, लेकिन अपने विभागीय परिवार से बिछड़ने का दुख उससे कहीं अधिक है। उन्होंने अपने सहयोगियों से अपील की कि वे भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ जनता और विभाग की सेवा करते रहें।
करीब चार दशक तक अपनी सेवाओं से स्वास्थ्य विभाग की पहचान बने राजेंद्र उपाध्याय को पूरे विभाग ने सम्मानपूर्वक विदाई दी और उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।