मथुरा। थाना मांट पुलिस ने ऑनलाइन बुकिंग के बहाने अर्टिगा कार लूटने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई अर्टिगा कार, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 की रात करीब 10:40 बजे तीन बदमाशों ने ऑनलाइन बुकिंग के जरिए अर्टिगा कार बुक की थी। देवराहा बाबा आश्रम के पास पहुंचने पर बदमाशों ने चालक के गले में गमछा डालकर उसका गला दबाया, प्लास से सिर पर हमला किया और तमंचे से जान से मारने की धमकी देकर चालक को कार से नीचे फेंक दिया। इसके बाद बदमाश अर्टिगा कार और चालक का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना मांट में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना और सर्विलांस के दौरान पुलिस ने करन, अरुण उर्फ अन्ना और अवनेश की पहचान की। बुधवार देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड स्थित राधारानी अंडरपास के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में करन पुत्र दीपक निवासी सुरीर (हाल निवासी वृंदावन) के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि अवनेश पुत्र बबलू निवासी अलीगढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया। तीसरे आरोपी अरुण उर्फ अन्ना की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध .315 बोर तमंचे, पांच जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस और लूटी गई अर्टिगा कार (एचआर-58-डी-9507) बरामद की गई। घायल करन को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। करन के खिलाफ लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अवनेश पर अपहरण, पॉक्सो, चोरी और गैंगस्टर एक्ट के मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
प्रभारी निरीक्षक जसबीर सिंह के नेतृत्व में थाना मांट पुलिस और सर्विलांस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि फरार तीसरे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।