मथुरा के वृंदावन स्थित सप्त देवालयों में शामिल श्री राधा दामोदर मंदिर में मंगलवार को जलयात्रा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। भीषण गर्मी के बीच ठाकुर राधा दामोदर लाल को शीतलता प्रदान करने के लिए आयोजित इस विशेष उत्सव में देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
मंदिर के सेवायत निताई गोस्वामी ने बताया कि आचार्य तरुण गोस्वामी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव में ठाकुर जी का सात पवित्र नदियों के जल से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाअभिषेक किया गया। इसके साथ ही मौसमी फलों के रस, केवड़ा, गुलाब जल और आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों से युक्त शीतल जल से भी अभिषेक किया गया, जिससे आराध्य को ग्रीष्म ऋतु में शीतलता प्रदान की जा सके।
उत्सव के दौरान मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया। गर्भगृह और प्रांगण में लगाए गए जल फव्वारों ने पूरे वातावरण को शीतल और भक्तिमय बना दिया। अभिषेक के बाद ठाकुर राधा दामोदर लाल को रंग-बिरंगे सुगंधित फूलों से सजे भव्य फूल बंगले में विराजमान कराया गया, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
इस अवसर पर ठाकुर जी को सत्तू, आम का पना, चंदन का शरबत और मौसमी फलों का विशेष भोग अर्पित किया गया। महाआरती के बाद यही प्रसाद हजारों श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। पूरे मंदिर परिसर में 'राधे-राधे' और 'राधा दामोदर लाल की जय' के जयघोष गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।