मथुरा में नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 'ऑपरेशन दहन' के तहत करीब 14 करोड़ 86 लाख 88 हजार 480 रुपये कीमत के अवैध मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण (नष्ट) किया। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश शासन और पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुपालन में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की अध्यक्षता में गठित ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने जनपद के 167 एनडीपीएस मामलों में न्यायालय से अनुमति प्राप्त होने के बाद जब्त किए गए नशीले पदार्थों को नष्ट कराया। इस दौरान 916.815 किलोग्राम गांजा, 4.993 किलोग्राम हेरोइन, 3.400 किलोग्राम अफीम, 2.500 किलोग्राम डोडा/पोस्त तथा 41.691 किलोग्राम अन्य मादक पदार्थ नष्ट किए गए।
नशीले पदार्थों का विनिष्टीकरण राया थाना क्षेत्र स्थित बायोमेडिकल वेस्ट डिस्पोजल एजेंसी में माननीय उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) स्वेता कुमारी यादव, क्षेत्राधिकारी अपराध जितेंद्र कुमार, डीसीआरबी प्रभारी सहित विभिन्न थानों के मालखाना प्रभारी भी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि 'नशा मुक्त समाज' की परिकल्पना को साकार करने के लिए जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।