प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मथुरा-वृंदावन नगर निगम के जनरल गंज सभागार में शुक्रवार को स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बल्देव विधायक पूरन प्रकाश ने किया।
इस अवसर पर विधायक पूरन प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना रेहड़ी, पटरी और पथ विक्रेताओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस योजना ने लाखों छोटे व्यापारियों को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है।
कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को नए ऋण, ऋण स्वीकृति पत्र, ऋण वितरण, क्रेडिट कार्ड आवेदन और क्रेडिट कार्ड वितरण की सुविधा प्रदान की गई। बड़ी संख्या में पथ विक्रेताओं ने योजना का लाभ उठाया।
परियोजना अधिकारी डूडा राजकुमार चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को बिना गारंटी ऋण, समय पर ऋण चुकाने पर ब्याज अनुदान, डिजिटल लेनदेन पर कैशबैक तथा अगले चरण में अधिक राशि का ऋण भी उपलब्ध कराया जाता है।
कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों, नगर निगम एवं डूडा के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में पथ विक्रेताओं ने भाग लिया।