मथुरा में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार मामला मगोर्रा थाना क्षेत्र के गांव बछगांव का है। पीड़ित युवक घर से चौपाल की ओर जा रहा था, तभी पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही कुछ लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों तथा तमंचे से हमला कर दिया। हमले के दौरान फायरिंग भी की गई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। इसके बाद कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।