मथुरा स्थित संस्कृति विश्वविद्यालय के स्टूडेंट वेलफेयर विभाग के डीन डॉ. डीएस तोमर को विज्ञान भारती द्वारा बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें निजी विश्वविद्यालय प्रांतीय संयोजक नियुक्त किया गया है। यह निर्णय बरेली में आयोजित ब्रज विज्ञान भारती की वार्षिक साधारण सभा में लिया गया।
ब्रज विज्ञान भारती ने डॉ. तोमर को यह दायित्व भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान के समन्वय के माध्यम से विश्वविद्यालयों में वैज्ञानिक चेतना, नवाचार, अनुसंधान और राष्ट्र निर्माण की भावना को विकसित करने के उद्देश्य से सौंपा है।
इस नई जिम्मेदारी के तहत डॉ. तोमर विश्वविद्यालयों और विज्ञान भारती के बीच समन्वय स्थापित करेंगे। साथ ही विज्ञान भारती की विभिन्न गतिविधियों, अभियानों और कार्यक्रमों को विश्वविद्यालय परिसरों में प्रभावी ढंग से संचालित कराने का कार्य करेंगे।
इसके अलावा वे विश्वविद्यालय स्तर पर विज्ञान भारती की इकाइयों एवं समितियों के गठन और संचालन, विद्यार्थियों तथा शिक्षकों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और अनुसंधान संस्कृति को बढ़ावा देने, तथा भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान के समन्वय पर आधारित कार्यक्रमों के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
डॉ. तोमर की इस नियुक्ति पर विश्वविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने इसे संस्कृति विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।