केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत योजना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को मथुरा-वृंदावन नगर निगम के वार्ड संख्या 61 में निशुल्क आयुष्मान कार्ड शिविर का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय पार्षद रचना रामकिशन पाठक और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से लगाए गए इस शिविर में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने आयुष्मान कार्ड बनवाए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की निशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाती है। विशेष रूप से असहाय, जरूरतमंद और 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को योजना से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
पापड़ वाली गली स्थित गोपाल मंदिर के समीप आयोजित इस शिविर में सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद परिवारों ने अपने दस्तावेजों के साथ पहुंचकर आयुष्मान कार्ड बनवाए और योजना की जानकारी प्राप्त की।
पार्षद प्रतिनिधि रामकृष्ण पाठक ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से लगाए गए इस विशेष शिविर का लाभ केवल वार्ड 61 ही नहीं, बल्कि आसपास के अन्य क्षेत्रों के लोग भी उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना से जोड़ने के लिए आगे भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे।
स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आयुष्मान कार्ड गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है, क्योंकि इसके माध्यम से महंगे इलाज का खर्च सरकार वहन करती है।