भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में 24 जून को आयोजित होने वाले गंगा दशहरा पर्व को लेकर मथुरा-वृंदावन नगर निगम ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए नगर निगम द्वारा स्वच्छता, पेयजल, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि यह धार्मिक पर्व श्रद्धा, आस्था और स्वच्छता के वातावरण में संपन्न हो।
नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे विशेष महा स्वच्छता अभियान के तहत घाटों, प्रमुख मार्गों, मंदिरों के आसपास के क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों की व्यापक सफाई कराई गई है। हाल ही में महापौर विनोद अग्रवाल और नगर आयुक्त जग प्रवेश ने विभिन्न घाटों एवं प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। उनके निर्देशों के बाद सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
अपर नगर आयुक्त ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि गंगा दशहरा पर्व को स्वच्छता और श्रद्धा के साथ मनाएं तथा घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा-कचरा न फैलाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ मथुरा का सपना तभी साकार होगा जब प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिक भी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
वहीं हिंदूवादी नेता गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने बताया कि नगर निगम की टीमें लगातार तैयारियों और व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं। पर्व के दिन भी विशेष सफाई अभियान जारी रहेगा तथा घाटों और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
गंगा दशहरा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मथुरा पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगर निगम प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। प्रशासन का दावा है कि इस बार श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होने का अवसर मिलेगा।