ट्रेनों में नेग के नाम पर यात्रियों से जबरन धन वसूली करने वाले मंगलमुखियों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल ने विशेष अभियान छेड़ रखा है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त राज मोहन के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक 97 मंगलमुखियों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।
आरपीएफ थाना प्रभारी निरीक्षक उपदेश कुमार कौशिक के नेतृत्व में रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य यात्रियों से जबरन धनराशि वसूलने, अभद्र व्यवहार करने और ट्रेनों में न्यूसेंस फैलाने वाले लोगों पर अंकुश लगाना है।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार 1 मई 2026 से अब तक चलाए गए विशेष अभियान में ऐसे 97 लोगों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। अभियान के दौरान यात्रियों की शिकायतों पर भी तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
आरपीएफ थाना प्रभारी यूके कौशिक ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ट्रेनों में जबरन वसूली या अभद्र व्यवहार की सूचना मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने रेल यात्रियों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति नेग या किसी अन्य बहाने से जबरन धनराशि मांगता है या परेशान करता है, तो इसकी सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर पर दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।