रेलवे प्रशासन द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद ट्रेनों में पत्थरबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मथुरा के छाता क्षेत्र का है, जहां रविवार देर शाम एक असामाजिक तत्व ने ताज एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी को निशाना बनाकर पत्थरबाजी की।
जानकारी के अनुसार ग्वालियर से हजरत निजामुद्दीन जा रही ताज एक्सप्रेस पर छाता स्टेशन के समीप पत्थर फेंका गया। गनीमत रही कि पत्थर किसी यात्री को नहीं लगा और बड़ा हादसा टल गया। इसके कुछ ही मिनट बाद उसी व्यक्ति ने एक मालगाड़ी पर भी पत्थर फेंक दिया।
मालगाड़ी चालक ने पत्थर फेंकने वाले युवक को देख लिया और तत्काल इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान राधेश्याम पुत्र धनीराम निवासी हरनावली, थाना छाता के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे की हालत में ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाओं को अंजाम देता था।
रेलवे सुरक्षा बल ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि ट्रेनों पर पत्थरबाजी जैसी घटनाएं न केवल अपराध हैं, बल्कि यात्रियों की जान को भी खतरे में डाल सकती हैं।