मथुरा की जमुनापार पुलिस ने ऑटो में सफर कर रही महिला से मोबाइल झपटने की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीने गए मोबाइल कवर में रखी नकदी में से 1300 रुपये, आधार कार्ड तथा वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। जबकि मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार यह घटना 16 जून की है, जब ऑटो में बैठकर जा रही एक महिला के हाथ से पल्सर बाइक सवार युवकों ने झपट्टा मारकर मोबाइल फोन छीन लिया था और मौके से फरार हो गए थे। पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
प्रभारी निरीक्षक जमुनापार विदेश कुमार त्यागी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से तीन संदिग्धों की पहचान की गई। शनिवार देर रात पुराने यमुना पुल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों अजय और राजा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मोबाइल झपटमारी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक, नकदी और आधार कार्ड बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल तीसरा आरोपी सोनू अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में लगातार कार्रवाई की जा रही है।