नोएडा। नोएडा के सेक्टर-9 स्थित बी-29 भवन में रविवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग शिवा इलेक्ट्रिकल नामक बिल्डिंग में लगी, जिसके बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं ताकि आग आसपास की इमारतों तक न फैल सके।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। हालांकि इलेक्ट्रिकल सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका जताई जा रही है। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
फिलहाल दमकल विभाग आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहा है। आग से हुए नुकसान और किसी के हताहत होने की सूचना का इंतजार किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।