Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 21 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
यमुना एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा से खिलवाड़! अवैध पार्किंग रोकने के लिए लगी फेंसिंग बार-बार काट रहे असामाजिक तत्व

यमुना एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों को कुछ असामाजिक तत्व लगातार चुनौती दे रहे हैं। अवैध पार्किंग पर रोक लगाने के लिए कराई गई फेंसिंग को बार-बार काटकर अनधिकृत रास्ते बनाए जा रहे हैं, जिससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ता जा रहा है।

मांट टोल प्लाजा के एजीएम भरत सिंह राठौर ने बताया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार एक्सप्रेसवे पर किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद एक्सप्रेसवे की सीमा के बाहर संचालित कुछ अवैध ढाबों के सामने वाहनों को राइट ऑफ वे (ROW) क्षेत्र में खड़ा कराया जाता है, जो सुरक्षा मानकों के विपरीत है।

उन्होंने बताया कि अवैध पार्किंग रोकने के उद्देश्य से कंपनी द्वारा कई संवेदनशील स्थानों पर फेंसिंग कराई गई थी, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व बार-बार तारबाड़ काटकर अवैध प्रवेश मार्ग बना रहे हैं। इससे न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले हजारों यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है।

कंपनी द्वारा किलोमीटर 68, 75.200, 75.500, 92, 94.100, 96 और 104 सहित कई स्थानों को संवेदनशील श्रेणी में चिह्नित कर विशेष निगरानी रखी जा रही है। हाईवे रूट पेट्रोलिंग टीम और पुलिस पेट्रोल वाहन लगातार ऐसे स्थानों पर कार्रवाई कर अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाने का कार्य कर रहे हैं।

भरत सिंह राठौर ने कहा कि कार्रवाई के बावजूद कुछ ढाबा संचालक व्यावसायिक लाभ के लिए वाहनों को दोबारा वहीं खड़ा करा देते हैं, जिससे सुरक्षा नियमों का उल्लंघन होता है। इस संबंध में संबंधित पुलिस थानों को समय-समय पर शिकायतें भी भेजी जा रही हैं और प्रशासन के साथ मिलकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यात्रियों की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले तथा अवैध पार्किंग को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रशासन के साथ समन्वित प्रयास जारी रहेंगे।

Previous News

कासगंज में समाजवादी PDA के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह, पूर्व सांसद ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

Next News

श्रीकृष्ण जन्मभूमि दान: श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दान की हो सीबीआई जांच! फलाहारी महाराज ने उठाए बड़े सवाल