Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 21 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
वृंदावन को स्वच्छ बनाने की तैयारी तेज, विशेष सफाई अभियान को लेकर नगर निगम ने बुलाई बैठक

वृंदावन को स्वच्छ, सुंदर और श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष सफाई अभियान को लेकर रविवार को नगर निगम जोन कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थानीय व्यापारियों, होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों, मंदिर प्रबंधन प्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लेकर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के सुझाव दिए।

बैठक की अध्यक्षता अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक एवं सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक ने की। इस दौरान नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने और अभियान को जनआंदोलन का रूप देने पर विस्तार से चर्चा की गई।

स्थानीय निवासी अनूप शर्मा ने बैठक में नालियों की सफाई के बाद निकाली जाने वाली सिल्ट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सफाई के बाद सिल्ट को समय पर नहीं हटाया जाता, जिससे वह दोबारा नालियों में चली जाती है और सफाई का उद्देश्य अधूरा रह जाता है। उन्होंने कहा कि वृंदावन में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से दर्शन के लिए आते हैं, इसलिए यहां नियमित और विशेष सफाई व्यवस्था बेहद आवश्यक है।

अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर वृंदावन की सफाई व्यवस्था में व्यापक सुधार लाने के लिए यह विशेष अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत प्रमुख मार्गों, नालियों, घाटों और सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापार मंडल, विद्यालयों, अस्पतालों, होटल संचालकों, मंदिर प्रबंधन समितियों और स्थानीय नागरिकों का सहयोग लिया जा रहा है, ताकि वृंदावन को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।

Previous News

गौसेवकों को उम्रकैद के विरोध में एकजुट हुआ संगठन, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देने का ऐलान

Next News

NEET परीक्षार्थियों के लिए 45 मिनट एयरपोर्ट पर रुके PM मोदी, ट्रैफिक प्रभावित न हो इसलिए लिया फैसला