जनरल कोच में चढ़ने को लेकर हुआ विवाद, दिल्ली में युवक की हत्या; 52 सेकेंड का वीडियो वायरल
दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर एक मामूली कहासुनी ने भयावह रूप ले लिया। योगा एक्सप्रेस के जनरल कोच में चढ़ने-उतरने के दौरान हुए विवाद में 35 वर्षीय पंकज धामा की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पंकज उत्तर प्रदेश के बागपत के निवासी थे और दिल्ली मेट्रो में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले में 8 संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ट्रेन शाहदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर रुकी थी। इसी दौरान जनरल कोच के दरवाजे पर भीड़ के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि कई लोगों ने पंकज धामा पर लात-घूंसों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
घटना का 52 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी और मारपीट का दृश्य दिखाई देता है। वीडियो में एक सुरक्षाकर्मी बीच-बचाव की कोशिश करता नजर आता है, लेकिन कुछ ही देर बाद पंकज जमीन पर पड़े दिखाई देते हैं। वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था, समय पर चिकित्सा सहायता और मौके पर मौजूद लोगों की भूमिका को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
जांच के दौरान पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन से 8 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि मारपीट में कितने लोग शामिल थे और किसकी क्या भूमिका थी।