Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 21 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
खनन माफिया के हौसले बुलंद! ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि की कार में मारी टक्कर, बाल-बाल बचे अनिल सिंह

मथुरा के फरह क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अनिल सिंह ने आरोप लगाया है कि खनन में लगे एक ट्रैक्टर चालक ने उनकी कार में जानबूझकर टक्कर मार दी, जिससे उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि इस घटना में अनिल सिंह बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात अनिल सिंह किसी शादी समारोह से लौट रहे थे। जब उनकी कार ओल क्षेत्र के नगला अबुआ के पास पहुंची तो आगे मिट्टी से भरा एक ट्रैक्टर चल रहा था। आरोप है कि उन्होंने ट्रैक्टर चालक से रास्ता देने के लिए कई बार हार्न बजाया, जिसके बाद चालक ने साइड तो दे दी, लेकिन कुछ ही देर बाद पीछे से उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।

अनिल सिंह का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने ओल चौकी प्रभारी को कई बार फोन किया, लेकिन उनका फोन नहीं उठाया गया। इसके बाद उन्होंने उपजिलाधिकारी सदर को घटना की जानकारी दी, जिन्होंने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया।

घटना के बाद शनिवार को ब्लॉक परिसर में क्षेत्र के प्रधानों की बैठक हुई, जिसमें सभी जनप्रतिनिधि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि के समर्थन में एकजुट नजर आए। प्रधानों ने अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन से सख्त कदम उठाने की अपील की।

ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अनिल सिंह ने कहा कि ओल क्षेत्र में रात के समय बड़े पैमाने पर जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए अवैध खनन किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि घटना के समय भी उन्होंने स्वयं मौके पर खनन गतिविधियां देखी थीं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह जिलाधिकारी, एसएसपी और अन्य उच्च अधिकारियों से मिलकर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएंगे।

घटना के बाद क्षेत्र में अवैध खनन और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

Previous News

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पुलिस लाइन में योगमय हुआ माहौल, एसएसपी श्लोक कुमार ने किया नेतृत्व

Next News

पैसों की तंगी ने किया मजबूर, बेटी कंधे पर बैठाकर पिता को जिला अस्पताल पहुंची इलाज कराने