मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सचखंड एक्सप्रेस में युवक पर तलवार से हमला करने के मामले में जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली है।
गौरतलब है कि गुरुवार को मथुरा के यमुनापार क्षेत्र निवासी गोविंद पुत्र ओमप्रकाश अपनी पत्नी को ट्रेन में बैठाने के लिए मथुरा जंक्शन पहुंचे थे। आरोप है कि सीट पर महिला को बैठाने को लेकर ट्रेन में बैठे कुछ यात्रियों से विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दो युवकों ने गोविंद पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर थाना जीआरपी मथुरा जंक्शन में मुकदमा दर्ज किया गया। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित की और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को जीआरपी टीम ने मथुरा रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-8 के आगरा छोर से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नवदीप पुत्र राज सिंह निवासी जिला मोगा, पंजाब तथा फतेह वीर पुत्र जुझार सिंह निवासी पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी अमृतसर से सचखंड एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर नांदेड़ जा रहे थे। इसी दौरान मथुरा जंक्शन पर सीट को लेकर हुए विवाद में उन्होंने गोविंद पर तलवार से हमला कर दिया था।
जीआरपी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। वहीं बरामद तलवार को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।