मथुरा के नगला हरी जीवन क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। सड़क किनारे खड़े 20 वर्षीय युवक लोकेश को एक तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कई दिनों तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद आखिरकार इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार, बीती 12 जून को लोकेश अपने घर के पास सड़क किनारे खड़ा था। तभी तेज गति से आ रही एक बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया गया कि पिछले कई दिनों से लोकेश का इलाज चल रहा था और बीच में उसकी हालत में कुछ सुधार भी देखने को मिला था, जिससे परिजनों की उम्मीदें बढ़ गई थीं। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उसे बचाने में सफल नहीं हो सके। बुधवार देर रात इलाज के दौरान उसने अंतिम सांस ली।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, लोकेश की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र के लोगों ने भी इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख जताया है और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।