Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 19 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
नवजात की मौत पर अस्पताल का पक्ष आया सामने, डॉक्टर बोले- फरार नहीं था, बच्चे का इलाज कराने गया था कोटा

मथुरा रोड स्थित वर्मा हॉस्पिटल में नवजात की मौत के मामले में अब अस्पताल प्रबंधन का पक्ष भी सामने आया है। अस्पताल संचालक डॉ. प्रवीण वर्मा ने परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि घटना के समय वह फरार नहीं थे, बल्कि अपने बच्चे का एडमिशन कराने के लिए कोटा गए हुए थे।

डॉ. प्रवीण वर्मा के अनुसार उन्होंने प्रसूता का ऑपरेशन किया था और 17 जून की सुबह तक जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ थे। उन्होंने बताया कि उसी दिन दोपहर करीब 12:30 बजे नवजात को अचानक सांस लेने में परेशानी होने लगी। इसके बाद अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ ने तत्काल बच्चे को ऑक्सीजन उपलब्ध कराई और प्राथमिक उपचार शुरू किया।

उन्होंने कहा कि बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे तुरंत उच्च चिकित्सा सुविधा वाले अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। डॉ. वर्मा का कहना है कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि दूध पिलाने के दौरान नवजात की सांस की नली में दूध फंस गया होगा, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और यह घटना हुई।

वहीं दूसरी ओर मृतक नवजात के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अस्पताल में पर्याप्त ऑक्सीजन व्यवस्था और प्रशिक्षित स्टाफ उपलब्ध नहीं था। परिजनों का आरोप है कि समय पर उचित उपचार न मिलने के कारण बच्चे की जान चली गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना के समय अस्पताल में कोई वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद नहीं था और स्टाफ उन्हें लगातार गुमराह करता रहा।

नवजात की मौत के बाद अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ था। फिलहाल मामले को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आए हैं। मामले की वास्तविक स्थिति जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Previous News

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर CM योगी का बड़ा संदेश! बोले- ‘आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा’

Next News

मुख्यमंत्री योगी से मिली अंबेडकर सुधार समिति, गांव में बाबा साहब की प्रतिमा स्थापना की उठाई मांग