Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 18 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
शादी के 5 साल बाद रहस्यमय ढंग से लापता हुई विवाहिता, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मथुरा के बरसाना थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दो बच्चों की मां सलमा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या कर शव गायब करने की आशंका जताई है। मामले को लेकर परिजनों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता के भाई इस्माइल खान ने बताया कि उनकी बहन सलमा का निकाह करीब पांच वर्ष पूर्व बरसाना क्षेत्र के सहार निवासी सद्दाम के साथ हुआ था। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और उसके परिजन अतिरिक्त दहेज के रूप में दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर सलमा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

इस्माइल खान का कहना है कि 14 जून को उन्हें बहन के अचानक गायब होने की सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने 15 जून को थाना बरसाना में लिखित शिकायत दी, लेकिन चार दिन बीत जाने के बावजूद न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही महिला की तलाश के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई की गई।

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि सलमा के साथ कोई अनहोनी हुई है और ससुराल पक्ष पूरे मामले को छिपाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर महिला की बरामदगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

गुरुवार को बड़ी संख्या में परिवार की महिलाएं और रिश्तेदार एसएसपी कार्यालय पहुंचे और मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला के लापता होने के पीछे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Previous News

साढ़ू से अवैध संबंध के शक में युवक की मौत! परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का लगाया आरोप

Next News

9.44 करोड़ का घी सीज! कानपुर देहात में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप