मथुरा में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालने वाले एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मंडी रामदास क्षेत्र के कानूनगो गली निवासी अशोक शर्मा उर्फ आशु को एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के लिए लाया गया राशन और सामान सड़क पर बिखर गया।
जानकारी के अनुसार आशु इंडस्ट्रियल एरिया में मजदूरी करता था। बुधवार रात ड्यूटी खत्म करने के बाद वह पैदल अपने घर लौट रहा था। रास्ते में उसने परिवार और बच्चों के लिए खाने-पीने का सामान भी खरीदा था। लेकिन घर पहुंचने से पहले ही एक तेज रफ्तार ट्रक उसकी जिंदगी छीन ले गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही आशु इंडस्ट्रियल एरिया के मुख्य मार्ग पर पहुंचा, तभी लापरवाही से दौड़ रहे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर खून के साथ-साथ बच्चों के लिए लाया गया राशन और घरेलू सामान बिखरा पड़ा था, जिसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के बड़े भाई गिरधारी शर्मा मौके पर पहुंचे। छोटे भाई का शव देखकर वह फूट-फूटकर रो पड़े। उन्होंने बताया कि आशु परिवार का सबसे बड़ा सहारा था और दोनों भाई मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। एक लापरवाह चालक ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।