Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 17 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
जाली नोट खपाने वाले गैंग का सदस्य गिरफ्तार! गोवर्धन मेले में नकली नोट चलाने की साजिश नाकाम, गैंग पर लगेगा NSA

गोवर्धन में चल रहे राजकीय अधिकमास मेले की भारी भीड़ का फायदा उठाकर जाली नोट खपाने की साजिश रच रहे अंतरजनपदीय गिरोह के खिलाफ मथुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना गोवर्धन पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के एक सदस्य सौरभ पुत्र चंद्रपाल सिंह निवासी इगलास, अलीगढ़ को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 500-500 रुपये के पांच जाली नोट और 5610 रुपये की असली नकदी बरामद हुई है।

एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि यह गिरोह जीजा-साले मिलकर संचालित कर रहे थे और बड़े पैमाने पर जाली नोटों को बाजार में खपाने का काम करते थे। पुलिस के अनुसार यह गतिविधि देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाला गंभीर अपराध है, इसलिए पूरे गैंग के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA/रासुका) के तहत कार्रवाई की जाएगी।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी सौरभ ने खुलासा किया कि गिरोह का मास्टरमाइंड मुकेश निवासी हरदुआगंज, अलीगढ़ है, जो जाली नोट तैयार करता था। इसके बाद नोटों की खेप उसके जीजा अजीत और फिर बिचौलिए योगेश के जरिए सौरभ तक पहुंचती थी। गिरोह 10 हजार रुपये असली देकर 20 हजार रुपये के नकली नोट उपलब्ध कराता था। आरोपी ने यह भी कबूल किया कि वह पहले ही कुछ जाली नोट स्थानीय दुकानदारों और ठेल संचालकों को चला चुका था।

पुलिस का कहना है कि फरार चल रहे मुकेश, अजीत और योगेश की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं गोवर्धन मेले में श्रद्धालुओं और व्यापारियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।

Previous News

PNB की किसान गोष्ठी में मिली खेती की नई दिशा, ऋण योजनाओं और सरकारी सुविधाओं की दी गई जानकारी

Next News

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ, मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने किया उद्घाटन