वृंदावन। कोतवाली क्षेत्र के रुक्मणी विहार के समीप मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) के एक जेसीबी चालक पर कुछ अज्ञात युवकों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुनरख निवासी महेश चौधरी मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण में जेसीबी चालक के पद पर कार्यरत हैं। महेश ने बताया कि मंगलवार को ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह साइड ऑफिस पर जेसीबी खड़ी कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रुक्मणी विहार क्षेत्र के पास 5 से 6 अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया और लाठी-डंडों तथा लोहे की सरियों से हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले में महेश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि उनका किसी से कोई पुराना विवाद नहीं है और न ही हमलावरों की पहचान हो सकी है। हमले के कारणों का भी अभी तक पता नहीं चल पाया है।
घटना के बाद घायल अवस्था में महेश चौधरी वृंदावन कोतवाली पहुंचे और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायल चालक को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।