गोवर्धन। गोवर्धन क्षेत्र के गांव अडींग में शुक्रवार को आए तेज आंधी-तूफान ने एक परिवार के सपनों को चकनाचूर कर दिया। तेज हवाओं के चलते एक नवनिर्मित मकान अचानक भरभराकर ढह गया, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
गनीमत रही कि हादसे के समय मकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। लेकिन मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने से परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
मकान स्वामिनी कमलेश देवी पत्नी पाटा सैनी ने बताया कि उन्होंने वर्षों की मेहनत और जमा पूंजी से यह मकान बनवाया था। अचानक मकान गिर जाने से पूरा परिवार सदमे में है।
पीड़िता का कहना है कि बड़ी मुश्किलों से घर तैयार कराया था, लेकिन आंधी-तूफान ने कुछ ही क्षणों में उनके सपनों के आशियाने को मलबे में बदल दिया। अब परिवार के सामने सिर छुपाने की भी समस्या खड़ी हो गई है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर उचित आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने भी शासन-प्रशासन से मामले का संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद करने की अपील की है।