Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 12 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
नहर में डूबकर लापता हुए 65 वर्षीय बुजुर्ग, तीन घंटे तक चला तलाश अभियान, नहीं मिला कोई सुराग

कानपुर देहात के रुरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे के बाद 65 वर्षीय बुजुर्ग बाबूराम उर्फ बब्बू नहर में डूबकर लापता हो गए। बाबूराम धनिरामपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना रुरा नहर स्थित पेट्रोल पंप के पास की है, जहां अचानक नहर में गिरने के बाद वह तेज बहाव में लापता हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बुजुर्ग की तलाश शुरू कराई। काफी देर तक कोई सफलता नहीं मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर लकड़ियां रखकर जाम लगा दिया और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करने लगे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।

इधर, कानपुर से विशेष बचाव दल मौके पर पहुंचा और नहर में व्यापक खोज अभियान शुरू किया। कई घंटों तक लगातार तलाश की गई, लेकिन बुजुर्ग का कोई पता नहीं चल सका। खोज अभियान के दौरान नहर के आसपास के क्षेत्रों की भी गहन जांच की गई, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।

करीब तीन घंटे तक चले अभियान के बावजूद बाबूराम उर्फ बब्बू का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। प्रशासन और बचाव दल लगातार नहर में तलाश अभियान चलाए हुए हैं। वहीं परिजन अनहोनी की आशंका से चिंतित हैं और बुजुर्ग के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि तलाश अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक बुजुर्ग का पता नहीं चल जाता।

Previous News

अखिलेश यादव की बेटी पर कथित अभद्र टिप्पणी से आक्रोशित सपाइयों का प्रदर्शन, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

Next News

बुलंदशहर की नवीन फल मंडी में भीषण आग, चार दुकानें जलकर राख, लाखों का नुकसान