Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 12 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
22 दिन से अंधेरे में गांव, बिजली न मिलने पर ग्रामीणों ने किया बिजलीघर का घेराव

मांट। क्षेत्र के नगला नत्था गांव में पिछले 22 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से परेशान ग्रामीणों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। लगातार बिजली संकट से जूझ रहे महिला-पुरुष बड़ी संख्या में मांट बिजलीघर पहुंच गए और जोरदार प्रदर्शन करते हुए बिजलीघर का घेराव कर दिया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारियों ने समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। घरों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होने के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और दैनिक जीवन भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित ग्रामीणों और बिजली विभाग के कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। ग्रामीणों का कहना था कि बार-बार आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उनका आरोप है कि 22 दिनों से गांव अंधेरे में डूबा हुआ है और विभाग की ओर से केवल वादे किए जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव के लोगों का धैर्य अब जवाब दे रहा है और मजबूरी में उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।

वहीं बिजली विभाग के कर्मचारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाते हुए जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद फिलहाल मामला शांत हो गया, लेकिन ग्रामीणों ने साफ कहा कि यदि शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे फिर से बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

गांव में बिजली संकट को लेकर बढ़ता आक्रोश अब विभाग के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है, जबकि ग्रामीणों की निगाहें बिजली आपूर्ति बहाल होने पर टिकी हैं।

Previous News

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा देने गया युवक रहस्यमय तरीके से लापता, तलाश में मथुरा पहुंचे परिजन

Next News

मंदिर में श्रद्धालु की हत्या करने वाले प्यारेलाल को उम्रकैद, कोर्ट ने सुनाई कड़ी सजा