हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनगणना 2027 के कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। देर रात हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने हाउस लिस्टिंग ब्लॉक के सभी कार्य 18 अप्रैल तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जनगणना के प्रथम चरण के कार्य 25 अप्रैल से 5 मई के बीच समयबद्ध रूप से पूरा करने को कहा।
बैठक में एग्रीस्टैक के तहत आधार सीडिंग, डीसीएस और किसान रजिस्ट्री की भी समीक्षा की गई और इन्हें तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा लंबित राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण पर भी जोर दिया गया। प्रशासन ने सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश जारी किए।