Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 07 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
आगरा में गरजे केशव मौर्य, बोले- मीडिया लोकतंत्र की प्राण वायु, सपा पर साधा तीखा निशाना

आगरा। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को आगरा पहुंचे, जहां उन्होंने यूनियन जर्नलिस्ट ऑफ इंडिया के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र की "प्राण वायु" बताते हुए पत्रकारों की भूमिका की सराहना की।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। उनकी निष्पक्ष और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर रहा है।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पत्रकार संगठनों द्वारा आयोजित संवाद, सम्मेलन और विचार-विमर्श लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक हैं।

कार्यक्रम के बाद जब उनसे दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने इस विषय पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

वहीं राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा का इतिहास साधु-संतों और राम भक्तों के अपमान से जुड़ा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान राम भक्तों पर लाठियां और गोलियां चलवाई गई थीं।

डिप्टी सीएम ने कहा कि आज संतों के चरणों में जाकर प्रणाम करना समाजवादी पार्टी की राजनीतिक नौटंकी मात्र है। उन्होंने स्वयं को श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन और विश्व हिंदू परिषद से जुड़ा कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि राम मंदिर आंदोलन उनके जीवन का गौरवपूर्ण अध्याय रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि देश उनके नेतृत्व में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2029 ही नहीं, बल्कि उसके बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

Previous News

साथ जीने-मरने की कसम बनी मौत की वजह! प्रेमी युगल ने खुद को लगाई आग, युवती की दर्दनाक मौत

Next News

नई गाड़ी की पूजा कराने जा रहा परिवार हादसे का शिकार, मां-बेटे समेत तीन गंभीर घायल