Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 06 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
दो किशोरों की मौत के बाद जागा प्रशासन, डीएम-एसएसपी ने मानसी गंगा और राधाकुंड का किया निरीक्षण

गोवर्धन। मानसी गंगा में शनिवार सुबह हुए दर्दनाक हादसे के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया। राजस्थान के धौलपुर से आए दो नाबालिग श्रद्धालुओं की स्नान के दौरान डूबने से मौत के बाद मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने मौके पर पहुंचकर मानसी गंगा और राधाकुंड क्षेत्र का निरीक्षण किया।

बताया गया कि दोनों किशोर श्रद्धालु परिक्रमा पूरी करने के बाद मानसी गंगा में स्नान करने उतरे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद डीएम और एसएसपी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा गोताखोरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं।

अधिकारियों ने घाटों पर मौजूद सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया। अधिक मास के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गोवर्धन और मानसी गंगा पहुंचने को देखते हुए प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने श्रद्धालुओं से अपील की कि स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें। वहीं एसएसपी श्लोक कुमार ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Previous News

गंगा से यमुना तक गूंजा श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति का जयघोष, मथुरा में मोटरसाइकिल यात्रा का भव्य स्वागत

Next News

समाधान दिवस में 50 फरियादी पहुंचे, लेकिन एक भी शिकायत का नहीं हुआ समाधान