अमरनाथ यात्रा 2026 को सुरक्षित, पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग पुलिस प्रशासन ने एक बड़ी तकनीकी पहल की है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने QR आधारित ‘पहचान ऐप’ (Pahchan App) लॉन्च किया है। यह ऐप यात्रा मार्ग और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर कार्यरत सेवा प्रदाताओं के पंजीकरण और सत्यापन के लिए विकसित किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस ऐप के माध्यम से घोड़ा संचालक, पालकी सेवा प्रदाता, होटल कर्मचारी, गाइड, टैक्सी चालक और अन्य सेवा प्रदाताओं का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। QR कोड स्कैन करते ही संबंधित व्यक्ति की पहचान और पंजीकरण की जानकारी तुरंत उपलब्ध हो जाएगी। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि यात्रियों के संपर्क में आने वाले सभी सेवा प्रदाता अधिकृत और सत्यापित हैं।
अनंतनाग पुलिस का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य अमरनाथ यात्रा के दौरान सुरक्षा तंत्र को और मजबूत बनाना है। कई बार असामाजिक तत्व सेवा प्रदाता बनकर यात्रियों को गुमराह करने या सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करते हैं। 'पहचान ऐप' ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें रोकने में मदद करेगा।
पुलिस के मुताबिक यह डिजिटल प्रणाली केवल सुरक्षा ही नहीं बल्कि पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ाएगी। यात्रियों को भरोसेमंद सेवाएं मिलेंगी, जबकि पंजीकृत सेवा प्रदाताओं की विश्वसनीयता भी बढ़ेगी। इसके अलावा भीड़ प्रबंधन, शिकायत निवारण और यात्रा संचालन को अधिक व्यवस्थित बनाने में भी यह ऐप मददगार साबित होगा।
गौरतलब है कि अमरनाथ यात्रा 2026 का आयोजन जुलाई से अगस्त के बीच होना है और हर वर्ष लाखों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा और प्रबंधन को मजबूत करने के लिए तकनीक का यह उपयोग एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है