कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक एवं सोशल मीडिया पर चर्चित युवा नेता अभिजीत दीपके अमेरिका से भारत के लिए रवाना हो चुके हैं। वह 6 जून को दिल्ली पहुंचकर जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। भारत रवाना होने से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश जारी करते हुए कहा कि वह अपना भविष्य और भाग्य संविधान के हाथों में छोड़कर भारत आ रहे हैं।
अभिजीत दीपके ने बताया कि दिल्ली पहुंचने के बाद वह सबसे पहले प्रदर्शन की अनुमति लेने के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क करेंगे। उनका कहना है कि यह विरोध प्रदर्शन शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं, परीक्षा विवादों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है।
दीपके ने दावा किया है कि उनकी पार्टी के 11 लाख से अधिक पंजीकृत सदस्य हैं और देशभर से हजारों समर्थक दिल्ली पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने अपने समर्थकों से एयरपोर्ट पर भीड़ न लगाने की अपील भी की है ताकि आम जनता और सुरक्षा व्यवस्था को कोई परेशानी न हो।
हाल के दिनों में कॉकरोच जनता पार्टी सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुई है। यह संगठन युवाओं से जुड़े मुद्दों, बेरोजगारी, परीक्षा विवाद और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर चर्चा में रहा है। कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने भी प्रस्तावित प्रदर्शन को समर्थन देने की घोषणा की है।
अभिजीत दीपके ने पहले भी कहा था कि उन्हें गिरफ्तारी की आशंका है, लेकिन लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करना उनका संवैधानिक अधिकार है। अब उनकी भारत वापसी और दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है