कस्बा राया में प्रीपेड बिजली मीटर व्यवस्था को लेकर लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आया। क्षेत्र के लोगों ने बिजली घर पहुंचकर विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रीपेड मीटर लगने के बाद उन्हें कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि मीटरों में हो रही कटौती स्पष्ट नहीं है, जिससे वास्तविक बिजली खपत का सही आकलन करना मुश्किल हो गया है।
लोगों ने बताया कि बैलेंस खत्म होते ही तुरंत बिजली काट दी जाती है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। साथ ही, बार-बार रिचार्ज कराना गरीब और मध्यम वर्ग के लिए आर्थिक बोझ बनता जा रहा है।
कई उपभोक्ताओं ने बिना सहमति मीटर लगाए जाने और तकनीकी खामियों की भी शिकायत की। उनका कहना है कि रिचार्ज में थोड़ी देरी होने पर भी अनावश्यक रूप से बिजली काट दी जाती है।
क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि प्रीपेड मीटर व्यवस्था की जांच कराई जाए, बिना सहमति मीटर लगाने पर रोक लगे, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो और गरीब उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की जाए।