बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पहासू रोड स्थित गांव झमका में एक मकान में जा घुसा। ट्रक की भीषण टक्कर से मकान का अगला हिस्सा भरभराकर ढह गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय घर के अंदर परिवार के 17 सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे, लेकिन सौभाग्य से सभी सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई।
मकान का मलबा गिरने से बाहर खड़ी नई थार समेत तीन कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते ट्रक बेकाबू होकर मकान से जा टकराया। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।