छतरपुर में सिविल लाइन थाना क्षेत्र की शिवनगर कॉलोनी में घरेलू विवाद के चलते एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 30 वर्षीय दीनदयाल कुशवाहा की उसकी पत्नी ने डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण दीनदयाल की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि दंपति की शादी 12 वर्ष पहले हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे हैं। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था तथा तलाक की बात भी चल रही थी। आरोप है कि दीनदयाल शराब के नशे में पत्नी के साथ अक्सर मारपीट करता था।
घटना के बाद आरोपी महिला खुद सिविल लाइन थाने पहुंची और आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।