Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 01 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
जय श्रीराम के जयकारों से गूंजी कॉलोनी, धूमधाम से निकली भव्य श्रीराम बारात

पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर गुरूकृपा विलास में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा के पांचवें दिन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के बीच भव्य श्रीराम बारात निकाली गई। सजी-धजी जनकपुरी, आकर्षक झांकियों, बैंड-बाजों और जय श्रीराम के गगनभेदी नारों ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। बारात में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूप घोड़ों पर सवार होकर निकले, जिनके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

श्रीराम बारात का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। कथा के यजमान प्रभात अग्रवाल (पीके-पीके ज्वैलर्स) और नीता अग्रवाल ने चारों भाइयों की आरती उतारकर तिलक किया। इसके बाद बारात विभिन्न मार्गों और मंदिरों से होते हुए पूरे क्षेत्र में भ्रमण करती रही। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीराम के स्वरूपों का स्वागत किया।

कथा व्यास शान्तनू महाराज ने कहा कि भगवान श्रीराम केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि आदर्श जीवन का प्रतीक हैं। उनके चरित्र और आदर्शों को अपनाकर ही समाज में मर्यादा, प्रेम और सद्भाव स्थापित किया जा सकता है।

बारात में शामिल विभिन्न धार्मिक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। विशेष रूप से मां काली की भव्य झांकी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। कार्यक्रम में रामलीला सभा के सभापति जयंती प्रसाद अग्रवाल, पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग, अमित अग्रवाल, योगेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Previous News

ओलावृष्टि ने छीनी किसानों की मेहनत, मुआवजे की मांग को लेकर डीएम पहुंचे किसान

Next News

सूर्या हत्याकांड के आरोपी असद पर प्रशासन का शिकंजा, घर पर चस्पा हुआ नोटिस; 15 दिन में जवाब नहीं तो चलेगा बुलडोजर