Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 31 May 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा: 28 जून को होनी थी शादी, आंधी-बारिश ने छीन ली खुशियां, दीवार गिरने से 18 वर्षीय दुल्हन की मौत

मथुरा के बछगांव (थाना मगोर्रा) में तेज आंधी और बारिश ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। हादसे में 18 वर्षीय युवती गुंजन की दीवार गिरने से दबकर दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, गुंजन की शादी 28 जून को तय थी और घर में जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात करीब 9 बजे गुंजन पशुओं को दलिया खिलाकर घर लौट रही थी, तभी तेज आंधी-बारिश के कारण एक कच्ची दीवार भरभरा कर गिर गई और वह उसके मलबे में दब गई। ग्रामीणों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा हुआ था। अचानक हुए इस हादसे से घर में खुशी का माहौल पूरी तरह मातम में बदल गया। परिजनों ने बताया कि गुंजन का रिश्ता किरावली क्षेत्र के मलिकपुर गांव में तय हुआ था।

प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर आपदा प्रबंधन के तहत परिजनों को 4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई पूरी की।

Previous News

बांकेबिहारी मंदिर में भारी भीड़ से हाहाकार, गर्मी और उमस में श्रद्धालु हुए बेहाल, VIDEO वायरल

Next News

ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर हमला - कपड़े फाड़े, पत्थर-अंडे फेंके