पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने बृहस्पतिवार को हरिद्वार में गुप्त रूप से धार्मिक दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने सिद्धपीठ माया देवी मंदिर और बाबा भैरव मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
सिद्धू पिछले दो दिनों से गोपनीय तरीके से हरिद्वार में प्रवास कर रहे थे। उन्होंने बिना किसी सार्वजनिक कार्यक्रम और मीडिया कवरेज के मां माया देवी के दरबार में माथा टेका और बाबा भैरव मंदिर में आशीर्वाद लिया।
धार्मिक अनुष्ठान पूरा करने के बाद सिद्धू पीलीभीत हाउस पहुंचे, जहां से वह अपना सामान लेकर अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए। उनके इस शांत और निजी दौरे को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता बनी रही।