Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 29 May 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
बड़ा हादसा! बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल ढहा, 6 मजदूरों की मौत, कई दबे

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा तेज आंधी और बारिश के दौरान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय कई मजदूर पुल के नीचे और आसपास मौजूद थे, जो मलबे की चपेट में आ गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। राहत और बचाव दल लगातार मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं।

जानकारी के अनुसार हादसा हमीरपुर के ललपुरा क्षेत्र में मोराकांदर-परसानी गांव के पास हुआ, जहां बेतवा नदी पर पुल निर्माण का कार्य चल रहा था। देर रात आए तेज तूफान और बारिश के बीच पुल की कंक्रीट स्लैब अचानक ढह गई। कई मजदूर बारिश से बचने के लिए निर्माणाधीन ढांचे के नीचे रुके हुए थे, तभी यह हादसा हो गया।

घटना के बाद पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कुछ मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। साथ ही हादसे की जांच के आदेश भी दिए गए हैं। पुल निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Previous News

मथुरा में आंधी-बारिश का कहर! पेड़ गिरने से सड़कें बंद, कई इलाकों में लगा लंबा जाम

Next News

चारबाग रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा! टीन शेड गिरने से TTE समेत 3 लोग घायल