उत्तर भारत में भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ी इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं, लेकिन यही भीड़ अब हिल स्टेशनों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। मनाली, शिमला, मसूरी और नैनीताल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर इन दिनों हालात ‘महाजाम’ जैसे बन गए हैं, जहां सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और ट्रैफिक घंटों तक रेंगता नजर आ रहा है।
मनाली में वीकेंड और छुट्टियों के दौरान पर्यटकों की अचानक बढ़ी भीड़ ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग, अटल टनल मार्ग, माल रोड, वशिष्ठ, सोलंगनाला और पलचान क्षेत्रों में सबसे अधिक दबाव देखा गया, जहां वाहन कई-कई घंटे तक जाम में फंसे रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल पर्यटन सीजन में भीड़ बढ़ती है, लेकिन सड़क, पार्किंग और ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था उस अनुपात में मजबूत नहीं हो पाती, जिसके कारण यह स्थिति बार-बार देखने को मिलती है।
जाम का सबसे ज्यादा असर पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय टैक्सी चालकों, दुकानदारों, कर्मचारियों और स्कूल जाने वाले बच्चों पर भी पड़ा है। कई जगहों पर लोग घंटों तक रास्तों में फंसे रहे और भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।