आगरा के थाना अछनेरा क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें गोवंश चोरी की घटनाओं में शामिल दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, साधन तिराहे पर पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। वहीं उसके साथी को घेराबंदी कर मौके से पकड़ लिया गया।
घायल बदमाश की पहचान निजामुद्दीन उर्फ नुईया के रूप में हुई है, जबकि उसके साथी का नाम रिहान बताया गया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
मौके से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और अन्य सामान बरामद किया गया है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपी गोवंश चोरी की कई वारदातों में शामिल रहे हैं और इनके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।