Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 26 May 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
दिनदहाड़े गनपॉइंट लूट का खुलासा, हरिद्वार भागने से पहले 4 बदमाश गिरफ्तार

मथुरा के थाना फरह क्षेत्र में दिनदहाड़े तमंचे के बल पर हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आगरा और मथुरा के चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। फरह थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए बदमाश लूट की रकम लेकर हरिद्वार भागने और वहां मौज-मस्ती करने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

दरअसल यह सनसनीखेज घटना 19 मई को परखम-झुडावई मार्ग पर हुई थी। एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र संचालक रामरज सिंह रोज की तरह अपने काम से जा रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। बदमाशों ने तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई थी।

घटना के बाद एसएसपी मथुरा के निर्देश पर फरह थाना पुलिस और स्वाट टीम लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी करनपुर तिराहे के आसपास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने जाल बिछाकर आगरा निवासी तीन शातिर लुटेरों भवनेश, अंकित और पवन उर्फ होरीलाल को दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, अवैध तमंचा, कारतूस और लूट के 40 हजार रुपये बरामद किए हैं। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो इस लूटकांड के पीछे का स्थानीय कनेक्शन भी सामने आ गया। जांच में खुलासा हुआ कि गांव के ही संजू उर्फ संजय ने ग्राहक सेवा केंद्र संचालक की पूरी रेकी कर बदमाशों को सूचना दी थी और उसी ने लूट की पूरी साजिश रची थी।

पुलिस ने चौथे आरोपी संजू उर्फ संजय को भी गिरफ्तार कर लिया, जिसके पास से लूट के हिस्से के 15 हजार रुपये बरामद हुए हैं। क्षेत्राधिकारी ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि आरोपियों ने कुल 55 हजार रुपये की लूट की थी। चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पकड़े गए आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और उनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। इस त्वरित और शानदार खुलासे में फरह थाना प्रभारी छोटेलाल, स्वाट टीम प्रभारी अजय वर्मा और उनकी टीम के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

Previous News

धर्मेंद्र को मिला देश का दूसरा सबसे बड़ा सम्मान, भावुक माहौल में हेमा ने लिया अवॉर्ड - पद्म विभूषण से सम्मानित हुए धर्मेंद्र

Next News

35 लाख के फुहारे बने शोपीस! भीषण गर्मी में रेलवे स्टेशन पर यात्री बेहाल