हिंदी सिनेमा जगत से बेहद दुखद खबर सामने आई है। बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के वरिष्ठ अभिनेता रमाकांत दायमा का 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। लंबे समय से बीमार चल रहे अभिनेता ने अंतिम सांस ली, जिसके बाद फिल्म और टीवी जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
रमाकांत दायमा को खासतौर पर चर्चित वेब सीरीज Scam 1992 समेत कई फिल्मों और धारावाहिकों में उनके शानदार अभिनय के लिए जाना जाता था। उनके निधन की खबर से फैंस और इंडस्ट्री के कलाकार स्तब्ध हैं।
टीवी अभिनेत्री शुभांगी लाटकर ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने रमाकांत दायमा का एक पुराना वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि “आज हमने एक बेहद खूबसूरत इंसान को खो दिया है।”
शुभांगी ने अपने संदेश में रमाकांत दायमा को एक बेहतरीन अभिनेता, डांसर, गायक और समझदार इंसान बताया। उन्होंने कहा कि वह जीवन के हर पल को खुलकर जीना जानते थे और हमेशा दूसरों को प्रेरित करते थे।
उन्होंने यह भी बताया कि दोनों साथ में एक हिंदी नाटक और कई कविताओं की मंच प्रस्तुति करने वाले थे, लेकिन अभिनेता के निधन के साथ यह सपना अधूरा रह गया।
रमाकांत दायमा के निधन से फिल्म और रंगमंच जगत को बड़ी क्षति पहुंची है। उनके चाहने वाले सोशल मीडिया पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं।