मथुरा के नरहौली गांव में बारात के दौरान हुए हिंसक बवाल और पथराव मामले में एसएसपी श्लोक कुमार ने बड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने साफ कहा है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और उपद्रवियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। अब इस पूरे प्रकरण की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि बारात के दौरान एक दुकान पर कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए बारात को सकुशल संपन्न कराया।
इस घटना में घायल हुई 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमे दर्ज कर रही है।
एसएसपी ने बताया कि पथराव और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। इसके लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और वायरल वीडियो को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया गया है।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।