उत्तर प्रदेश के सीतापुर में शुक्रवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ। संदना थाना क्षेत्र के सिधौली–मिश्रिख मार्ग पर बरगदिया गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी बस अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बस ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी, जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हुई है।
बताया जा रहा है कि बस में आंध्र प्रदेश से आए 50 से अधिक श्रद्धालु सवार थे, जो नैमिषारण्य दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं और कई लोग बस में फंस गए थे। राहत-बचाव के लिए जेसीबी की मदद से बस को सीधा करने का प्रयास किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी राजा गणपति आर और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल मौके पर पहुंचे। कई थानों की पुलिस फोर्स और प्रशासनिक टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रही। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।