Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 21 May 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
तीन महीने से वेतन न मिलने पर प्रदेशव्यापी हड़ताल पर बैठे एनएचएम कर्मचारी, अस्पतालों में किया प्रदर्शन

स्वास्थ्य सेवाओं में अहम भूमिका निभाने वाले एनएचएम कर्मचारियों ने तीन महीने से वेतन न मिलने के विरोध में गुरुवार को प्रदेशव्यापी हड़ताल शुरू कर दी। मथुरा के महर्षि दयानंद सरस्वती जिला अस्पताल और जिला महिला चिकित्सालय में कार्यरत एनएचएम कर्मचारी काम बंद कर अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए।

बताया गया कि कर्मचारी पिछले तीन दिनों से काली पट्टी बांधकर विरोध जता रहे थे, लेकिन मांगों पर कोई सुनवाई न होने के कारण उन्होंने गुरुवार से पूर्ण हड़ताल का फैसला लिया। कर्मचारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द वेतन भुगतान की मांग की।

एनएचएम कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष अमर गोपाल अत्री और अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि जनवरी माह से अब तक कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारियों का कहना है कि परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है और लगातार अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बकाया वेतन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

Previous News

अयोध्या में शातिर चोर गिरोह का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

Next News

झांसी में पुलिस मुठभेड़ के बाद 4 आरोपी गिरफ्तार, अपहरण और फिरौती का मामला खुला