राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों और बढ़ती पेट्रोल-डीजल कीमतों को लेकर मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। रायबरेली दौरे के दौरान राहुल गांधी ने दावा किया कि देश जल्द ही बड़े आर्थिक संकट का सामना कर सकता है।
रायबरेली दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में “आर्थिक तूफान” आने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा आर्थिक व्यवस्था कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई गई है।
राहुल गांधी ने कहा कि आने वाले आर्थिक संकट का असर बड़े उद्योगपतियों पर नहीं, बल्कि युवाओं, किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि सरकार की नीतियों से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरों पर टिप्पणी करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि सरकार लोगों को विदेश यात्रा कम करने की सलाह दे रही है, जबकि प्रधानमंत्री लगातार विदेशी दौरों पर रहते हैं।
वहीं मल्लिकार्जुन खरगे ने भी पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि महंगाई और ईंधन कीमतों का बोझ आम लोगों पर डाला जा रहा है, जबकि बड़े कॉरपोरेट घरानों को राहत दी जा रही है।
मंगलवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 98.64 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया।
विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के चलते आने वाले समय में भारत पर आर्थिक दबाव और बढ़ सकता है।