मथुरा जीआरपी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन से 16 किलो डोडा पाउडर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद नशीले पदार्थ की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।
सोमवार को मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान जीआरपी और आरपीएफ पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। जीआरपी इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि अपराध और आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए समय-समय पर संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जाता है।
इसी क्रम में प्लेटफार्म नंबर एक स्थित फुट ओवर ब्रिज के पास दो संदिग्धों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद दो बैगों से 16 किलो डोडा पाउडर बरामद हुआ।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिट्टू सिंह पुत्र बलदेव सिंह निवासी भटिंडा, पंजाब और जगमीत पुत्र गुरु दत्ता सिंह निवासी श्री मुक्तसर साहिब, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी मध्य प्रदेश से सस्ते दामों में नशीला पदार्थ खरीदकर पंजाब में ऊंचे दामों पर बेचते थे।
जीआरपी पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कार्रवाई हो चुकी है। फिलहाल दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।